भीटी (अंबेडकरनगर)। अहिरौली थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के विशेषरपुर के निकट तालाब में नवजात का शव मिलने से सनसनी मच गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। बताया जाता है कि गांव के निकट स्थित तालाब में शुक्रवार की दोपहर ग्रामीणों ने एक नवजात शिशु का शव देखा। जानकारी मिलते ही वहां बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। इसके बाद अहिरौली पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम कुछ देर बाद मौके पर पहुंची और नवजात के शव को लेकर जरूरी प्रक्रिया अपनाई। लोगों से पूछताछ भी की। वहीं शव मिलने को लेकर ग्रामीण कई तरह के कयास लगाते दिखे। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। (संवाद)