अंबेडकरनगर। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को जिले में तीन नए मरीज मिले। अब संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। इस बीच डीएम अविनाश सिंह ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए बृहस्पतिवार को अकबरपुर रेलवे व बस स्टेशन का जायजा लिया। डीएम ने दोनों स्थानों पर सभी यात्रियों की एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच कराने का निर्देश दिया।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार जिले में बढ़ी है। दुबई से लौटे युवक के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद दो अन्य व्यक्तियों में कोरोना के लक्षण मिल थे। अब बृहस्पतिवार को हुई जांच में तीन नए कोरोना संक्रमित अलग-अलग क्षेत्रों में पाए गए। स्वास्थ्य केंद्रों समेत अन्य जगहों पर कुल एक हजार 19 लोगों की आरटीपीसीआर तथा 881 लोगों का एंटीजन टेस्ट किया गया। सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि जो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं उनके घर तथा गांव के लोगों की जांच कराने के साथ ही वहां लगातार एहतियात बरता जा रहा है। बताया कि इस समय कोरोना एक्टिव केस की संख्या सिर्फ चार है। दो अन्य लोग ठीक हो गए हैं।
उधर डीएम ने अकबरपुर रेलवे व बस स्टेशन पहुंचकर हिदायत दी कि यहां प्रत्येक ट्रेन से आने वाले यात्रियों की जांच का प्रबंध किया जाए। इस तरह से ड्यूटी लगाई जाए जिससे यात्रियों की विधिवत जांच हो सके। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त, सीएमओ डॉ श्रीकांत शर्मा, एसडीएम पवन कुमार जायसवाल, तहसीलदार जेपी यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय वर्मा व डॉ. आशुतोष कुमार सिंह मौजूद रहे।