हजपुरा (अंबेडकरनगर)। सम्मनपुर के सुलेमपुर दयालपुर में बुधवार की सुबह पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर को जीपीएस लोकेशन के आधार पर पकड़ लिया। जानकारी के मुताबिक, बीती रात न्योतरिया बाईपास स्थित एक घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को चोर उठा ले गया। वाहन मालिक ने जब गाड़ी गायब देखी तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। मोटरसाइकिल में लगे जीपीएस सिस्टम ने चोर की सारी चालाकी पर पानी फेर दिया। लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस दयालपुर गांव तक पहुंची, जहां बाइक खड़ी मिली। पास ही बंद पड़े मुर्गी फार्म में चोर गहरी नींद में सो रहा था। प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ के बाद मामला कोतवाली अकबरपुर का होने के चलते उसे वहीं स्थानांतरित कर दिया गया है।