जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र के कोल्हूपारा जैनापुर निवासी परम देव गुप्ता (56) अपनी पत्नी निर्मला गुप्ता (50) के साथ बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे के करीब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर दवा लेने जा रहे थे। जलालपुर-रामगढ़ रोड पर मेहरोत्रा रेडीमेड स्टोर के पास मालीपुर से रामगढ़ जा रहे ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में परम देव को मामूली चोटें आईं, लेकिन निर्मला गंभीर रूप से घायल हो गईं। भाजपा के नगर मंत्री मनोज पांडेय और पवन मौर्य ने अपने निजी वाहन से दोनों को सीएचसी नगपुर में भर्ती कराया। देर शाम निर्मला की अस्पताल में मौत हो गई। कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद