टांडा/बसखारी (अंबेडकरनगर)। हीरापुर बाजार के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की जिला अस्पताल में मौत हो गई, वहीं, बाइक चला रहा युवक व पीछे बैठी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है। कार की भीषण टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई। घटना से काफी देर तक मौके पर हड़कंप मचा रहा।
हरसम्हार निवासी शहनवाज (20) मंगलवार को बाइक से अपनी चाची शमीमा (42) का उपचार कराने के लिए टांडा ले गया था। बाइक पर शहनवाज की बहन अलफिया (14) भी बैठी थी। बताया जाता है कि तीनों वापस हीरापुर बाजार पहुंचे थे, इसी बीच सामने से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
इससे बाइक समेत तीनों दूर जा गिरे और घायल हो गए। हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची हंसवर पुलिस टीम ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शमीमा की मौत हो गई, जबकि शहनवाज व अलफिया का उपचार किया जा रहा है।