अंबेडकरनगर। जिले के लगभग तीन लाख किसानों के लिए खुशखबरी है। दीपावली से पहले उनके खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 12वीं किस्त के रूप में दो हजार रुपये की राशि पहुंच जाएगी। हालांकि केवाईसी न कराने वाले एक लाख 11 हजार 558 किसानों को इस किस्त से वंचित रहना पड़ेगा।
पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दीपावली से पहले मिलने जा रहा है। जिले में तीन लाख 89 हजार 392 किसान योजना के तहत चिह्नित किए गए थे। कई अपात्रों द्वारा योजना का लाभ उठाए जाने की शिकायतों के चलते शासन ने केवाइसी कराने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद इसे लेकर कई किसान गंभीर नहीं दिखे। नतीजतन शुरुआती दौर में केवाईसी कराने की गति काफी धीमी रही। बाद में इसमें तेजी आई।
मौजूदा समय में दो लाख 77 हजार 834 किसानों ने केवाईसी करा ली है। एक लाख 11 हजार 558 किसानों ने अब तक केवाईसी नहीं कराई। केवाईसी कराने वाले किसानों को केंद्र सरकार ने दीपावली का तोहफा देने की तैयारी कर ली है। इन किसानों के खाते में योजना के तहत 12वीं किस्त के रूप में दो हजार रुपये की राशि भेज दी जाएगी। उधर किसानों ने खुशी का जताते हुए कहा कि यदि त्योहार से पहले खाते में रकम आ जाएगी तो पर्व की खुशियां और बढ़ जाएंगी।
जिन किसानों ने केवाईसी करा ली है, उनके खाते में योजना के तहत 12वीं किस्त की राशि 17 अक्तूबर को पहुंच जाने की संभावना है। जिन किसानों ने केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें योजना के लाभ से वंचित रहना पड़ेगा।
-पीयूष राय, उपकृषि निदेशक