अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के 11 मेधावियों को मंगलवार को समारोह पूर्वक सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी कटेहरी सबिस्ता परवीन ने बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें आगे भी खोज व प्रयोग को लेकर और ज्यादा जागरूकता दिखानी है। यह आगे चलकर उनकी प्रगति में सहायक होगा।
परिषदीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं में आविष्कार को लेकर रुचि उत्पन्न करने के लिए बीते दिनों कटेहरी शिक्षा क्षेत्र में प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया था। इसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय सिझौलिया के बच्चों का दबदबा रहा। सिझौलिया की छात्रा आंचल मौर्य व यूपीएस भगौला की ईशू मिश्रा को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर घोषित किया गया।
सिझौलिया की साबरीन बानो, हूर बानो, निदा परवीन व शिवांगी अग्रहरि, बरामदपुर जरियारी के अनमोल, यूपीएस भगौला की अंशिका यादव व सेजल यादव, आतमपुर बजदहा की आकांक्षा व हाथपाकड़ के अनमोल विजेता घोषित किए गए। बीईओ ने मंगलवार को कटेहरी में आयोजित समारोह में इन छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
उनका मनोबल बढ़ाने के लिए सभी बच्चों का माल्यार्पण कर स्टेशनरी भी सौंपी गई। अभिभावकों व शिक्षकों से कहा गया कि इन बच्चों को आगे जिलास्तरीय प्रतियोगिता में भी भाग लेने का मौका मिलेगा। सभी बच्चों को जल्द ही शैक्षिक टूर भी कराया जाएगा, जिससे उनकी रुचि बढ़ सके।