अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में विद्युत उपकरणों की बदहाली व देखरेख में बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रतिदिन 1200 से अधिक मरीजों के उपचार का जिम्मा संभाल रहे जिला अस्पताल में सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा अयोध्या मंडल की ऑडिट टीम ने बड़ा खुलासा किया है। जिला अस्पताल को लेकर तैयार रिपोर्ट में टीम ने 28 बिंदुओं पर कमीं बताई है। जिला अस्पताल को इन कमियाें से अवगत कराने के साथ ही उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है।
बीते दिनों लखनऊ पीजीआई के ऑपरेशन थिएटर में आग लगने की घटना के बाद स्वास्थ्य निदेशालय ने सभी अस्पतालों में आग व विद्युत सुरक्षा को लेकर टीम गठित कर जांच का निर्देश दिया था। पिछले दिनों अकबरपुर फायर स्टेशन की टीम ने जिला अस्पताल में आग की सुरक्षा को लेकर जांच पड़ताल की तो बड़ी लापरवाही सामने आई थी। फायर हाइड्रेंट जहां निष्प्रयोज्य पड़े थे वहीं कई अग्निशमन यंत्र भी ठीक स्थिति में नहीं थे। आग से निपटने के लिए कई अन्य जरूरी उपकरण व व्यवस्थाएं भी बदहाल अवस्था में मिली थीं। इसमें अभी तक कोई सुधार नहीं हो सका है।
इस बीच सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा अयोध्या मंडल की टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर विद्युत सुरक्षा को लेकर अपनी जांच रिपोर्ट तैयार की। ट्रांसफाॅर्मर के पास अग्निशमन यंत्र नहीं मिला। बालू भरी बाल्टी बदहाल थी तो जेनरेटर के पास साफ-सफाई नहीं मिली। कई जगह बिजली का केबल क्षतिग्रस्त व बॉक्स खुले पाए गए जो कभी भी शॉर्टसर्किट की वजह बन सकते हैं। मेडिकल स्टोर के पास लगी इनकमिंग केबल खराब पड़ी मिली। जनरेटर के पैनल से काम चलाया जा रहा है। आपरेशन थिएटर के पास लगा एलटी पैनल खुला पड़ा है। खतरे की नेमप्लेट भी नहीं लगी है। सिटी स्कैन मशीन बाइपास केबल से चलाई जा रही है। इसी तरह कई अन्य गड़बड़ियों को टीम ने इंगित किया है।
उधर सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि टीम से रिपोर्ट प्राप्त हुई है। व्यवस्था को बेहतर करने के लिए स्वास्थ्य निदेशालय को पत्र भेजा गया है। पिछले दिनों फायर टीम से मिली जांच रिपोर्ट को भी भेजा जा चुका है। जल्द ही इन समस्याओं को दूर कर लिया जाएगा।