अंबेडकरनगर। दिव्यांग छात्र-छात्राएं भी देश के विकास में बराबर का योगदान देने में सक्षम हैं। उन्हें इसके लिए तैयार करने को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। ये बातेें पूर्व सांसद व एमएलसी हरिओम पांडेय ने कहीं। वे सोमवार को कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय शिवबाबा में समग्र शिक्षा अभियान के तहत आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। बाद में 309 दिव्यांग छात्र-छात्राओं को सहायक उपकरण दिए गए।
समारोह का शुभारंभ एमएलसी हरिओम पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीपार्चन कर किया। उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं के शिक्षा हासिल करने में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। विशिष्ट अतिथि अकबरपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता गुप्ता ने छात्र-छात्राओं के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा से ही समाज व देश को विकास पथ पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
समेकित शिक्षा की जिला समन्वयक किरन सिंह ने बताया कि बीते दिनों अलग-अलग विकास खंडों में चले अभियान में 309 छात्र-छात्राएं दिव्यांग के रूप में चिह्नित किए गए थे। इन्हें मौके पर ही प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया गया था। इस बीच सोमवार को इन्हें ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, सीपी चेयर, एल्बो क्रेच, रोलेटर, मिस्ड किट, ब्रेल किट, ब्रेल केन, स्मार्ट केन, हियरिंग एड, किट फॉर लिप्रोसी व कैलीपर आदि का वितरण किया गया।
इस दौरान सीडीओ अनुराज जैन, बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अकबरपुर धनपति यादव, जलालपुर केपी सिंह, संचालक विजयचंद्र मिश्र, रवींद्र, डीपी सिंह व मोहम्मद हसन आदि मौजूद रहे।