अंबेडकरनगर। अहिरौली थाने के एक दरोगा व दो सिपाहियों पर एक युवक की बुरी तरह पिटाई का आरोप लगा है। इस मामले की शिकायत एसपी से की गई है।
कटघरवा निवासी अंकित पांडेय ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि गांव के नंद कुमार मौर्य से भूमि विवाद चल रहा है। इस मामले में दरोगा रामउग्रह और सिपाही अरविंद यादव व पिंटू रविवार को उसके घर पहुंचे। उसकी पिटाई करने के बाद थाने ले गए। थाने में भी पिटाई करने का आरोप है।
इस घटना की शिकायत सत्ताधारी दल से जुड़े कुछ लोगों ने एसपी से की। पीड़ित का शिकायत्री पत्र भी सौंपा। उधर, एसओ अहिरौली गजेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच एक मुकदमें में विवेचना के लिए पुलिस टीम गांव गई थी। वहां दो पक्ष के लोग पुलिस टीम के सामने ही भिड़ गए। एक को पकड़कर शांतिभंग में चालान किया गया जबकि दूसरे पक्ष पर भी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से पहले दरोगा का स्थानान्तरण हो चुका था लेकिन अभी कार्यमुक्त नहीं हुआ है।