अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के शहजादपुर फव्वारा तिराहे पर लगी भगवान राम की आदमकद प्रतिमा को एक युवक ने मंगलवार दिन में क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पीट दिया। बाद में पहुंची पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। डीएम अविनाश सिंह व एमएलसी हरिओम पांडेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मंगलवार सुबह शहजादपुर फव्वारा तिराहे स्थित चबूतरे पर पहुंचकर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रतनपुर निवासी वीरबल ने भगवान राम की प्रतिमा में लगे तीर को पकड़ कर खींच लिया। इससे प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने युवक की इस करतूत पर पकड़कर पिटाई कर दी। साथ ही प्रतिमा के क्षतिग्रस्त स्थान को भगवा कपड़े से ढक दिया। साथ ही मरम्मत की प्रक्रिया भी शुरू करा दी। सीओ देवेंद्र मौर्य व तहसीलदार बलवीर सिंह ने पहुंचकर वहां आक्रोशित लोगों को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है, साथ ही जिस समय घटना को अंजाम दिया उस समय वो नशे की हालत में था। कोतवाल वीबी सिंह ने बताया कि युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वह मानसिक रूप से परेशान है तथा घटना के समय नशा भी कर रखा था।