अंबेडकरनगर। मंजूरी है कश्मीरिया मोहल्ले के लिए लेकिन अरबन अस्पताल का संचालन टांडा शहर के दूसरे छोर पर पांच किमी. दूर स्थित एक अन्य अरबन अस्पताल मुबारकपुर से ही किया जा रहा है। कश्मीरिया के जिस भवन में अरबन अस्पताल का संचालन होना है वहां मकान मालिक का ताला लटका है। अब सीएमओ ने सख्ती बरतते हुए मंगलवार नौ अप्रैल से कश्मीरिया में ही संचालन शुरू करने का निर्देश दिया है।
जनवरी 2022 में कश्मीरिया निवासी एक निजी भवन में अरबन अस्पताल संचालित करने के लिए सीएमओ कार्यालय ने स्वीकृति प्रदान की। इसके लिए बाकायदा 20 हजार रुपये प्रतिमाह किरायानामा भी तैयार हुआ। भवन का रंगरोगन कर अस्पताल का बोर्ड लगा दिया गया। सीएमओ कार्यालय के अनुसार मकान मालिक को तीन माह का किराया भी दे दिया गया। इसके बाद भी संबंधित भवन में अस्पताल का संचालन शुरू नहीं हो पाया।
भवन के मुख्य गेट पर मकान मालिक का ही ताला लटका है। नतीजा यह है कि लगभग एक वर्ष से कश्मीरिया के नाम पर जिस अरबन अस्पताल को मंजूरी मिली उसका संचालन मुबारकपुर में हो रहा है। मालूम हो कि जिले में कुल पांच अरबन अस्पताल संचालित हैं। इसमें जलालपुर के दलालटोला, अकबरपुर के मोहसिनपुर व शहजादपुर तथा टांडा के मुबारकपुर व कश्मीरिया शामिल है। चार स्थानों पर तो अरबन अस्पताल का संचालन जस का तस हो रहा है लेकिन कश्मीरिया में अस्पताल नहीं चल पाया है।
बीते 23 फरवरी को कश्मीरिया अस्पताल के लिए डॉ. रिचा पटेल व स्टाफ नर्स रितु रानी की तैनाती की गई। यह दोनों मौजूदा समय में मुबारकपुर अस्पताल में बैठकर इलाज करती हैं। एक दिन पहले शनिवार को अन्य अस्पतालों की तरह कश्मीरिया के लिए भी लैब संबंधित उपकरण सीएमओ कार्यालय से भेजे गए। अरबन अस्पताल कोऑर्डिनेटर द्वारा सामग्रियों की उठान भी की गई। लेकिन वह उपकरण मुबारकपुर पहुंचा दिए गए।
ऐसे खुली मनमानी पोल
मार्च माह में बीते सीएचसी टांडा ने किराया संबंधित पत्रावली सीएमओ कार्यालय को भेजी। इसमें कश्मीरिया अस्पताल भवन का भी किराया शामिल था। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया तो वहां ताला बंद मिला। उन्होंने अपर सीएमओ को पूरी जानकारी करने को कहा। रविवार को अपर सीएमओ डॉ. रामानंद सिद्धार्थ जब वहां पहुंचे तो उन्हें भी ताला बंद मिला। वहां तैनात की गई चिकित्सक से दूरभाष पर जानकारी की तो उन्होंने बताया कि वे मुबारकपुर में कार्य कर रही हैं। उनके द्वारा यह भी जानकारी दी गई लैब संबंधित सामान भी मुबारकपुर में ही रखे गए हैं।
दो दिन में होगा संचालन, लेंगे स्पष्टीकरण
कश्मीरिया में अस्पताल का संचालन दो दिन के भीतर शुरू करा दिया जाएगा। इसके लिए सभी जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें कोई भी मनमानी नहीं होने दी जाएगी। अब तक कश्मीरिया में संचालन न होने को लेकर अरबन अस्पताल के कोऑर्डिनेटर से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। - डॉ. राजकुमार, सीएमओ