अंबेडकरनगर। जिले के 66 हजार अन्त्योदय राशन कार्डधारकों को जून माह में अनाज के साथ तीन माह की तीन किग्रा. चीनी भी मिलेगी। हालांकि चीनी के लिए उन्हें 18 रुपये प्रति किग्रा. की दर से भुगतान करना होगा।
अन्त्योदय राशनकार्डधारकों को कोटे से राशन के साथ प्रतिमाह एक किग्रा. चीनी उपलब्ध कराई जाती है। संबंधित राशनकार्डधारकों को प्रति राशनकार्ड 35 किग्रा. राशन मिलता है। इसमें 20 किग्रा. चावल व 15 किग्रा. गेहूं शामिल है। योजना के तहत कार्डधारकों को राशन के लिए किसी प्रकार का भुगतान नहीं करना पड़ता है। हालांकि चीनी के लिए उन्हें 18 रुपये प्रति किग्रा. की दर से भुगतान करना पड़ता है।
जिले में संचालित कोटे की 1126 दुकानों से 65 हजार 967 अन्त्योदय राशन कार्डधारक जुड़े हैं। जिलापूर्ति कार्यालय के अनुसार जून माह में मिलने वाले राशन के साथ ही उन्हें अप्रैल, मई व जून माह की एक-एक किग्रा. चीनी मिलेगी। इसके लिए उन्हें 54 रुपये का भुगतान करना होगा। बताया गया कि चीनी का वितरण 13 जून से 22 जून तक होगा। उधर जिलापूर्ति अधिकारी अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोटे तक चीनी पहुंच गई है। सभी कोटेदारों को चीनी का वितरण करने का निर्देश दिया गया है।