कटेहरी के बुझावन के तिवारी पुरा में गड़बड़ी ठीक करते बिजली कर्मचारी।
अंबेडकरनगर। कटेहरी में 72 घंटे के बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर आक्रोश जताया तो वहीं दिनभर अधिकारियोंं को फोन भी लगाया। लोगों को आंदोलन के लिए तैयार होता देख वैकल्पिक प्रबंध कर बिजली उपलब्ध कराई गई।
बीते दिनों लगातार हुई बारिश के चलते बुझावन तिवारी का पूरा रेलवे क्राॅसिंग के पास अंडरग्राउंड केबल तीन दिन पहले खराब हो गई। इससे न सिर्फ कटेहरी उपकेंद्र वरन सेनपुर व भीटी आदि क्षेत्रोंं की बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई।
अमर उजाला ने उपभोक्ताओंं की इस दिक्कत को अत्यंत प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अधिकारियों ने इसके बाद भी कोई खास दिलचस्पी नहीं ली। कटेहरी उपचुनाव के चलते प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधियों का पूरा जोर कटेहरी पर हैए लेकिन तीन दिन से बिजली संकट से परेशान उपभोक्ताओं की सुध नहीं ली गई।
बिजली को लेकर चौतरफा त्राहि-त्राहि मच गई। बुधवार को नाराज उपभोक्ताओं ने सोशल मीडिया पर अधिकारियोंं व जनप्रतिनिधियोंं के रवैए को लेकर खूब भड़ास निकाली। इसके बाद प्रशासन व जनप्रतिनिधि भी सक्रिय हो गए। बिजली विभाग के अयोध्या स्थित मुख्य अभियंता को पूरे प्रकरण से अवगत कराया गया। इसके बाद यहां वैकल्पिक प्रबंध कर बिजली उपलब्ध कराना बुधवार दोपहर बाद शुरू हुआ। तय हुआ कि अलग-अलग फीडर पर चार-चार घंटे की बिजली दी जाएगी।
उपभोक्ता भड़के तब आई तेजी
बिजली संकट से नाराज उपभोक्ता बुधवार को भड़क उठे। तब सभी को इसकी ठीक से सुध हो सकी। बिजली विभाग के वरिष्ठ अफसर भी मौके पर पहुंच गए तो वहीं जनप्रतिनिधियोंं ने भी फोन घुमाना शुरू कर दिया। डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर एडीएम डॉ.सदानंद गुप्त व एसडीएम सौरभ शुक्ल भी पहुंचे। अधिकारियोंं की मौजूदगी में तेजी से केबल दुरूस्त करने का कार्य शुरू हो गया।