अंबेडकरनगर। ब्लॉक क्षेत्र जलालपुर के हजपुरा में मंगलवार को पुष्टाहार उत्पादन इकाई का मुख्य अतिथि एमएलसी हरिओम पांडेय ने शुभारंभ किया। अमर प्रेरणा महिला लघु उद्योग हजपुरा के सहयोग से स्थापित इस इकाई से जलालपुर व भियांव ब्लॉक क्षेत्र से आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी महिलाएं व बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।
90 लाख रुपये की लागत से स्थापित इकाई में करीब 65 हजार महिलाओं व बच्चों के लिए मिक्स लड्डू व हलवा तैयार होगा। इसके संचालन से 300 समूह की 3500 महिलाओं को रोजगार मिलेगा। हजपुरा में इस उत्पादन इकाई का शुभारंभ होने से समूह की महिलाओं में उत्साह है।
एमएलसी हरिओम पांडेय ने कहा कि सरकार की यह योजना न सिर्फ महिलाओं को स्वरोजगार प्रदान कर रही है बल्कि कुपोषण से लड़ने में भी यह मददगार साबित होगी। स्थानीय स्तर पर प्रोटीन युक्त प्रीमिक्स लड्डू, हलवा व खिचड़ी का लाभ आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चे व महिलाएं उठाएंगे।
सीडीओ अनुराज जैन ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के प्रयास की सराहना की। कहा कि इकाई की स्थापना व उसका बेहतर संचालन आने वाले समय में महिलाओं की कार्य क्षमता का बोध कराएगा। स्वतऱ् रोजगार उपायुक्त आरबी यादव ने बताया कि इस इकाई से जलालपुर के 333 व भियांव के 237 आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी महिलाओं व बच्चों का इसका लाभ मिलेगा।