अंबेडकरनगर। जैतपुर के मुस्तफाबाद निवासी सभाजीत तिवारी (68) को अचलनगर तिराहे पर 23 जून को बाइक ने टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लखनऊ में इलाज के बाद परिजन घर लेकर आए थे। रविवार की भोर उनकी मौत हो गई। सभाजीत ट्यूबवेल के इंजन के मिस्त्री थे। गांव-गांव जाकर इंजन ठीक करने का काम करते थे। घटना वाले दिन शाम पांच बजे वह साइकिल से घरेलू सामान सामान लेने किराने की दुकान पर जा रहे थे। अचलनगर चौराहे पर पहुंचे थे तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी थी। वह उछलकर दूर जा गिरे थे और सिर में गंभीर चोटें आ गई थीं। लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां ऑपरेशन के बाद सभाजीत को दवाइयां देकर बेसुध हालत में दो दिन पूर्व घर भेज दिया गया था। रविवार भोर पांच बजे उनकी मौत हो गई। मृतक के दो बेटों में बड़े बेटे शैलेश तिवारी का विवाह हो चुका है। छोटे बेटे प्रवेश और बेटी गुड़िया अविवाहित हैं। मृतक की पत्नी इंदु देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी वंदन अग्रहरि ने बताया कि तहरीर मिलने पर वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।