अम्बेडकरनगर- शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके पूर्व विधायक पवन पांडेय अब बसपा के साथ अपनी राजनीतिक पारी आगे बढ़ाएंगे। गुरुवार को समर्थकों से मंत्रणा करने के लिए बुलाई गई बैठक में वक्ताओं ने बसपा द्वारा ब्राह्मणों को दिए जा रहे सम्मान पर फोकस किया। तय हुआ कि 25 जुलाई को वे बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्र के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर लेंगे।
अकबरपुर से शिवसेना के टिकट पर विधायक रह चुके पवन पांडेय पिछले कुछ समय से प्रत्यक्ष राजनीति से दूर थे। हालांकि अलग अलग चुनाव में वे प्रत्याशी के आधार पर अपना समर्थन देते रहे हैं। इस बीच बदले हुए राजनीतिक माहौल में ब्राम्हणों को बसपा द्वारा महत्व दिए जाने पर एक बार फिर से समर्थकों के बीच हलचल शुरू हुई। पूर्व विधायक पर बसपा में शामिल होने का दबाव बनना शुरू हुआ। इस पर पवन पांडेय की बसपा के वरिष्ठ नेताओं से वार्ता हुई। इसी क्रम में पूर्व विधायक ने बसपा में शामिल होने से पहले समर्थकों की बैठक गुरुवार को पांडेय मार्केट में बुलाया। वहां उन्होंने पूरी बात रखी। वक्ताओं ने कहा कि बसपा ने जिले का गठन करने के साथ ही अभूतपूर्व विकास किया है। उसके साथ चलकर ही विकास की गति तेज हो सकती है। वक्ताओं ने कहा कि पवन एक जनप्रतिनिधि के तौर पर जनता की उम्मीदों के तौर पर फिर से खरा उतरेंगे। तय हुआ कि आगामी 25 जुलाई को अयोध्या आ रहे बसपा राष्ट्रीय महासचिव के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली जाए। समर्थकों ने बड़ी तादाद में अयोध्या चलने का संकल्प लिया