अंबेडकरनगर के जलालपुर इलाके में आलापुर के निकसपुर बिडहर निवासी अमित कुमार की जमीन धोखाधड़ी से हड़पने का मामला सामने आया है। अमित को नशीला पदार्थ खिलाकर होश खोने की स्थिति में जबरन रजिस्ट्री कराई गई। मामले में उप निबंधक समेत सात लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता अमित कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी भूमि कटका थाना क्षेत्र के दुल्हूपुर कला गांव में स्थित है, जिसकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये है। रिश्तेदार गुलाबचंद पेशे से अभियंता हैं। चार सितंबर 2024 को रिश्तेदारी के नाम पर अमित को अपने घर बुलाया और शराब में नशीली दवा मिलाकर बेहोशी की हालत में पहुंचा दिया।
इसके बाद गुलाबचंद अपने साथियों राजमणि यादव और अरविंद कुमार के साथ मिलकर उन्हें जलालपुर रजिस्ट्री कार्यालय ले गया। पहले से तैयार विक्रय पत्र पर उप निबंधक संतराम वर्मा और लिपिक अखिलेश कुमार की मौजूदगी में जबरन अंगूठा लगवाया गया। इसकी जानकारी हुई तो पीड़ित ने रजिस्ट्री कार्यालय जाकर दस्तावेज निकलवाए। पढ़े-लिखे होने के बावजूद स्टांप पर हस्ताक्षर की जगह अंगूठा लगवाया गया है। उपनिबंधक व लिपिक के सहयोग से बैनामा को मंजूरी भी कराई गई।
प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उप निबंधक संतराम वर्मा, लिपिक अखिलेश कुमार, गुलाबचंद, उसके पुत्र गोलू, पत्नी राजपति, रामजमणि यादव, अरविंद कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।