अंबेडकरनगर। हाईकोर्ट लखनऊ में कांड के बाद बृहस्पतिवार को जनपद न्यायालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। न्यायालय के तीनों गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने वादकारियों की सघन तलाशी ली। इस बीच जिला बार एसोसिएशन ने एक पत्र जारी किया है। जिसमें कहा गया कि बगैर रजिस्ट्रेशन के कोई भी व्यक्ति अधिवक्ता की ड्रेस में न्यायालय में न आए वरना कार्रवाई की जाएगी।
एक दिन पहले बुधवार को हाईकोर्ट लखनऊ में अधिवक्ता के ड्रेस में पहुंचे बदमाशों ने गैंगस्टर की हत्या कर दी थी। इसे देखते हुए बृहस्पतिवार को जनपद न्यायालय परिसर में सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किए गए थे। न्यायालय में प्रवेश करने वाले तीनों गेट पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया। न्यायालय में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वादकारी की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। इस बीच बृहस्पतिवार को जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शेर बहादुर यादव ने एक पत्र जारी किया। जिसमें कहा कि बिना पंजीकरण कोई भी व्यक्ति कोर्ट में अधिवक्ता की ड्रेस में प्रवेश न करें। ऐसा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।