टांडा (अंबेडकरनगर)। स्कूल जा रही दलित छात्रा से छेड़खानी करने व विरोध पर मारने-पीटने के आरोपी को अलीगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ संजय नाथ तिवारी ने आरोपी की गिरफ्तारी का निर्देश दिया था।
गत 16 मई की सुबह लगभग 7 बजे थाना अलीगंज क्षेत्र के एक गांव की छात्रा स्कूल जा रही थी। रास्ते मे मोजनपुर क्राॅसिंग के पास मोहल्ला अलीगंज निवासी प्रदीप छात्रा का हाथ पकड़ कर छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए छात्रा की पिटाई कर दी थी। आरोपी ने जोर जबरदस्ती से छात्रा को बाइक पर भी बिठाने की कोशिश की थी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दिया। शुक्रवार की देर शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। (संवाद)