अंबेडकरनगर। जिले में डेढ़ माह में लगभग आठ लाख मतदाताओं के पहचान पत्र आधार कार्ड से लिंक किए जा चुके हैं। 18 लाख दो हजार 918 मतदाताओं की तुलना में 43.60 प्रतिशत मतदाताओं के पहचान पत्र संबद्ध कर दिए गए हैं। 31 दिसंबर तक शत-प्रतिशत मतदाताओं के पहचान पत्र को आधार कार्ड से लिंक किया जा सके, इसके लिए दो हजार 75 बीएलओ तेजी से कार्य कर रहे हैं।
चुनाव के दौरान मतदान में पारदर्शिता लाने व फर्जी वोट डाले जाने को रोकने के लिए निर्वाचन आयोग ने बीते दिनों ही मतदाताओं के पहचान पत्र को आधार कार्ड से लिंक किए जाने का निर्देश दिया था। इसमें कहा गया कि इसके लिए किसी भी मतदाता पर दबाव न डाला जाए। जो मतदाता अपनी स्वेच्छा से लिंक कराना चाहता हो, उसी का किया जाए।
चुनाव आयोग के निर्देश के बाद जिले में एक सितंबर से अभियान चलाकर मतदाताओं के पहचानपत्र को आधार कार्ड से जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। 31 दिसंबर तक शत-प्रतिशत मतदाताओं का आधार लिंक हो सके, इसके लिए कुल दो हजार 75 बीएलओ को लगाया गया। जिले की सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 18 लाख दो हजार 918 मतदाता हैं।
निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक शहंशाह ने बताया कि जिले में तेजी से पहचान पत्र को आधार कार्ड से लिंक किए जाने का काम चल रहा है। कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में तीन लाख 93 हजार 992 मतदाताओं की तुलना में एक लाख 68 हजार 531 मतदाताओं का आधार कार्ड लिंक किया जा चुका है।
इसी प्रकार टांडा विधानसभा क्षेत्र में तीन लाख 29 हजार 673 मतदाताओं की तुलना में एक लाख 51 हजार 941, आलापुर विधानसभा क्षेत्र में तीन लाख 39 हजार 773 मतदाताओं की तुलना में एक लाख 49 हजार 846, जलालपुर में चार लाख छह हजार 872 मतदाताओं की तुलना में एक लाख 46 हजार 939 व अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन लाख 32 हजार 608 मतदाताओं की तुलना में एक लाख 68 हजार 798 मतदाताओं के पहचान पत्र को आधार से लिंक किया जा चुका है, जो कि लक्ष्य की तुलना में 43.60 प्रतिशत है।
समय रहते पूरा होगा लक्ष्य
31 दिसंबर तक अभियान चलाकर मतदाताओं का पहचान पत्र आधार कार्ड से लिंक किया जाना है। समय रहते लक्ष्य को पूर्ण कर लिया जाए, इसके लिए सभी बीएलओ को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। इसकी नियमित समीक्षा भी की जा रही है।
अशोक कुमार कनौजिया, एडीएम