अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र बेवाना के रायपुर चौराहे पर बाइकों की आपस में हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रायपुर निवासी राहुल (18) बुधवार देर शाम मोपेड से गांव के चौराहे पर जा रहा था। इसी बीच सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। इसमें राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। इससे परिवारीजनों में कोहराम मच गया। बाइक सवार दूसरे घायल को मौके पर पहुंचे परिवारीजन एक निजी अस्पताल में इलाज कराने के लिए चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राहुल ने हेलमेट नहीं लगाया था। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।