अंबेडकरनगर। शुक्रवार रात को लाेगों को कुछ पल के लिए महसूस हुए भूकंप के तेज झटके से हड़कंप मच गया। कई शहरी क्षेत्रों में लोगों को भूंकप आने का आभास हुआ तो वह भागकर घरों से बाहर आ गए। दोबारा भूकंप आने के भय से लोग काफी देर तक घरों के बाहर ही घूमते नजर आए। भूकंप का एहसास होते ही सोशल मीडिया पर संदेश का आदान प्रदान तेज हो गया।
कुछ पल के लिए आए भूकंप के झटके ने शुक्रवार रात को लोगों की नींद में खलल डाल दी। रात करीब 11 बजकर 35 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग काफी देर तक घरों के बाहर ही रहे। अकबरपुर, टांडा व जलापुर सहित अन्य नगरीय व घनी आबादी में रहने वाले लोगों के बीच ज्यादा दहशत दिखी। सोशल मीडिया पर अलग अलग क्षेत्रों से भूकंप आने की जानकारी भी लोग साझा करते नजर आए।
डीएम अविनाश सिंह का सोशल मीडिया पर बयान आया कि भूकंप से परेशान होने की जरूरत नहीं है। भूकंप की तीव्रता अधिक न होने के चलते कहीं से किसी तरह के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई। हालांकि, कुछ पल के लिए महसूस हुए झटके से लोगों में दहशत जरूर दिखी।