अंबेडकरनगर। पावर कारपोरेशन बेहतर बिजली आपूर्ति को लेकर बिजली घरों की संख्या को बढ़ाने में जुटा है। कटेहरी में बिजली घर के निर्माण की स्वीकृति के बाद अब भीटी के भंड़सारी में नये बिजली घर की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। बीते दिनों रिवैंप योजना के तहत साढ़े सात करोड़ रुपये की लागत से नये बिजली घर की स्थापना का प्राक्कलन शासन को भेजा गया था। इसके निर्माण को मंजूरी मिल गई है।
यहां पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफाॅर्मर लगाए जाएंगे, जिससे एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज से निजात मिल जाएगी। वर्तमान में यहां के उपभोक्ता लो-वोल्टेज की परेशानी से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में एक बिजली घर होने के नाते गर्मी के दिनों में इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं का हाल बेहाल रहता है। बिजली घर ओवरलोड होने पर तार टूटने और ट्रांसफाॅर्मर फुंकने से बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, इससे उपभोक्ता हलकान रहते हैं। शेड्यूल के हिसाब से बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से किसानों की फसलों की सिंचाई भी नहीं हो पाती है। वर्तमान में इन क्षेत्र के 50 गांव को बैरमपुर बरवां बिजली घर से बिजली की आपूर्ति मिल रही है। इसके निर्माण से सोनावा, रागलपुर, मुस्तफाबाद, चाचिकपुर, रोशनपारा, जैसेपुर, बालापैकौली, भातपुरा समेत 100 गांवों को बिजली आपूर्ति मिलेगी।
शासन से मिली मंजूरी
भीटी में एक भी बिजली घर नहीं है। रिवैंप योजना के तहत भंड़सारी और बसंतपुर के बीच में बिजली घर की स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, इसकी मंजूरी मिल गई है। स्थान चिह्नित कर इसका निर्माण कराया जाएगा। - गिरीश नारायण मिश्र, अधीक्षण अभियंता