जलालपुर। जैतपुर थाना क्षेत्र के नत्थूपुर लोधना गांव में एक महिला की गुरुवार को मौत हो गई। परिवारीजनों का कहना है कि उसकी मौत ठंड से हुई है, जबकि प्रशासन ने इससे इंकार किया है। जानकारी के मुताबिक नत्थूपुर लोधना गांव निवासी घनश्याम की पत्नी सरस्वती (37) की तबियत बुधवार रात अचानक खराब हो गई। गुरुवार सुबह गंभीर दशा में उसे एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों के मुताबिक ठंड लगने से उसकी हालत बिगड़ी थी। उधर, एसओ जैतपुर चंद्रभान यादव ने ठंड से मौत की जानकारी होने से इंकार किया है। जबकि एसडीएम मिश्रीलाल ने कहा कि क्षेत्र में ठंड से मौत की कोई सूचना नहीं है।