अंबेडकरनगर। मानदेय भुगतान के लिए जूझ रहे रोजगार सेवकों के लिए खुशखबरी है। शीघ्र ही बीते वित्तीय वर्ष के चार माह का मानदेय भुगतान उन्हें कर दिया जाएगा। उपायुक्त ग्राम्य विकास सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने जनपद के संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर ऐसे रोजगार सेवकों की आख्या मांगी है, जिन्हें मानदेय का भुगतान नहीं हो सका है। जिले की 786 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष मौजूदा समय में 639 रोजगार सेवक कार्य कर रहे हैं। इन रोजगार सेवकों द्वारा वित्तीय वर्ष 2012-13 में चार माह का मानदेय भुगतान को लेकर लगातार तहसील मुख्यालयों सहित जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाता रहा है। तत्कालीन सीडीओ सीपीएन उपाध्याय ने रोजगार सेवकों के मानदेय भुगतान संबंधित पत्रावली शासन को भेजी थी। इसमें कहा गया था कि रोजगार सेवकों का एक करोड़ 25 लाख रुपये का मानदेय भुगतान होना है। यह भुगतान चार माह का है। इस पर उपायुक्त ग्राम्य विकास सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर ऐसे रोजगार सेवकों की सूची मांगी है, जिन्हें मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। उपायुक्त श्रमरोजगार भूपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शासन से मिले पत्र के आधार पर सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के रोजगार सेवकों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। सूची प्राप्त होते ही उसे शासन को भेज दिया जाएगा।