अंबेडकरनगर। प्रदेश की विभिन्न कचहरी में हुए बम ब्लास्ट के मामले को वापस लिए जाने के प्रयासों का स्थानीय बार एसोसिएशन ने कड़ा विरोध प्रकट किया है। मंगलवार को जनपद न्यायालय में कार्य से विरत रहने के दौरान ही अधिवक्ताओं ने तहसील पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। बीते दिनों जब से राज्य सरकार द्वारा बम ब्लास्ट के मामले की वापसी की जाने की खबर सामने आई है, तब से अधिवक्ताओं के बीच आक्रोश फैला हुआ है। सोमवार को हुई बैठक में तय किया गया था कि मंगलवार को सभी अधिवक्ता कार्य से विरत रहेंगे। उसके अनुसार मंगलवार को जनपद न्यायालय के अधिवक्ताओं ने कार्य का बहिष्कार किया। कहा गया कि प्रदेश सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम चिंताजनक है। इससे लोगों को सही न्याय नहीं मिल सकेगा। बाद में अधिवक्ता तहसील पहुंचे। यहां राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा। इसमें मुकदमा वापस लेने के प्रयासों पर रोक लगाए जाने की मांग की गई। इस दौरान योगेंद्र सिंह, रामकरन पाल, दिलीप सिंह, सुरेंद्रनाथ यादव, समिन हुसैन, अमरीश मिश्र, दिनेश दुबे आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।