टांडा। अलीगंज उपद्रव कांड में एक आरोपी के चाचा को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसकी सूचना मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने देर शाम अलीगंज में जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार अलीगंज में बीते दिनों एक लड़की से छेड़छाड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया था। इसमें दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। शुक्रवार को पुलिस ने अशरफ के चाचा को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। इससे उनके समर्थक भड़क उठे और उन्होंने देर शाम अलीगंज चौराहे पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे एएसपी राजीव मल्होत्रा ने भीड़ को समझाबुझा कर शांत किया। उनका कहना था कि आरोपियों की गिरफ्तारी अवश्य होगी। देर शाम पुलिस ने चाचा को भी छोड़ दिया।