अंबेडकरनगर। अकबरपुर के फरीदपुर निवासी शैलेश कुमार के मुताबिक 20 अक्टूबर शाम चार बजे उनके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया। सामने से बोल रहे व्यक्ति ने कहा कि वह डीएम आवास कमरा नंबर चार से अंकित मिश्रा बोल रहा है। बताया कि आपकी पत्नी साधना की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रोत्साहन राशि खाते में भेजी जानी है। आपके मोबाइल पर एक ओटीपी जा रही है, तुरंत उसका नंबर बताएं, ताकि धनराशि भेजी जा सके। उसके झांसे में आकर मोबाइल पर आया ओटीपी उसे बता दिया। कुछ देर बाद ही उनके यूनियन बैंक अकबरपुर खाते से 95186 रुपये कटने का संदेश प्राप्त हुआ। तब उसे ठगी होने की जानकारी हुई। दूसरे दिन ही साइबर थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।