भीटी (अंबेडकरनगर)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को 70 जोड़े एक-दूजे के हुए। नवदंपति को उपस्थित गणमान्य नागरिकों व अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उपहार व प्रमाणपत्र भी सौंपे। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों का विवाह भव्य ढंग से कराने के लिए आकर्षक साज-सजावट व अन्य प्रबंध किए गए थे।
भीटी ब्लॉक मुख्यालय मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। आमतौर पर जहां विभिन्न प्रकार के विकास कार्यों की योजना बनाने से लेकर समस्याओं की सुनवाई होती है, वह स्थान सामूहिक विवाह का गवाह बना। विभिन्न क्षेत्रों से आए वर व वधू पक्ष के लोगों के स्वागत के लिए विशेष प्रबंध ब्लॉक प्रशासन ने कर रखा था। सामूहिक विवाह में 70 जोड़े हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए।
समारोह के अंत में नवदंपति को उपहार भेेंट करने के साथ ही प्रमाणपत्र दिया गया। उन्हें योजना के तहत धनराशि का चेक भी सौंपा गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी व विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता अवधेेश द्विवेदी ने इस योजना को कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत लाभप्रद बताया।
एसडीएम भीटी सुनील कुमार ने कहा कि शासन की इस योजना से गरीब परिवार की बेटियों के हाथ पूरे सम्मान व खुशियों के साथ पीले हो रहे हैं। समारोह में सीओ भीटी शुभम कुमार, बीडीओ अंजलि भारती, बृजेश सिंह, कुलदीप सिंह, संजय सिंह, डॉ रानावीर सिंह, रानेश पांडेय, कुलदीप तिवारी व अभिषेक सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।