गोंडा। शिक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्मार्ट क्लास को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 698 शिक्षकों को हाईटेक बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जो 20 फरवरी तक चलेगा। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को डिजिटल शिक्षण की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा, ताकि वे कक्षा में आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकें। कार्यक्रम के दौरान दीक्षा ऐप के प्रभावी इस्तेमाल, भाषा कोडिंग, डिजिटल कंटेंट निर्माण व विभिन्न आधुनिक एजुकेशनल सॉफ्टवेयर पर हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को पारंपरिक पढ़ाई से आगे बढ़कर स्मार्ट क्लास आधारित शिक्षण के लिए दक्ष बनाना है, जिससे छात्रों को रोचक, इंटरएक्टिव व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। विशेषज्ञों के माध्यम से शिक्षकों को प्रेजेंटेशन टूल्स, ऑनलाइन संसाधनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी भी दी जा रही है।