अंबेडकरनगर। उधार के भवन में संचालित 54 आंगनबाड़ी केंद्रों को शीघ्र ही अपना भवन मिलेगा। 12 लाख रुपये की लागत से प्रत्येक भवन के निर्माण के लिए शासन से छह करोड़ 48 लाख रुपये की मंजूरी मिल गई है। संबंधित केंद्र के निर्माण से पंजीकृत लगभग छह हजार गर्भवती व धात्री महिलाओं व बच्चों को योजनाओं का लाभ देने में सुविधा होगी।
मालूम हो कि जिले में कुल 2551 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इसमें 421 अपने भवन में चल रहे हैं जबकि 2130 पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय या फिर किराए के भवन में संचालित हैं। इससे योजनाओं के बेहतर संंचालन में बाधा उत्पन्न होती रहती है। आंगनबाड़ी केंद्रों से न सिर्फ पुष्टाहार योजना का संचालन होता है बल्कि छह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा के साथ योजनाओं का लाभ मिलता है।
6.48 करोड़ से होगा निर्माण
बाल विकास विभाग कार्यालय के अनुुसार छह करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से सभी 54 केंद्रों का निर्माण होगा। प्रत्येक केंद्र की लागत 12 लाख रुपये होगी। इसमें से दो लाख रुपये बाल विभाग कार्यालय देगा जबकि शेष राशि मनरेगा व पंचायतीराज विभाग को अदा करना होगा। निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था आरईएस को सौंपी गई है। शासन से राशि को मंजूरी भी मिल गई है। ऐेसे में निकाय चुनाव के बाद इनका निर्माण भी प्रारंभ हो जाएगा। अपने भवन में संचालन से लगभग छह हजार गर्भवती, धात्री महिलाओं के साथ ही छह वर्ष तक के बच्चों को भी योजनाओं का लाभ और सुचारु ढंग से मिलेगा।
चुनाव बाद होगा निर्माण
54 आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण होना है। आचार संहिता लागू होने से निर्माण नहीं शुरू किया जा सका है। निकाय चुनाव समाप्त होते ही निर्माण प्रारंभ हो जाएगा। - डीपी मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी