लालपुर में तमसा नदी स्थित घाट पर विसर्जन स्थल का जायजा लेते अधिकारी। स्रोत-तहसील
अंबेडकरनगर। जलालपुर तहसील क्षेत्र के नौ घाटों पर 520 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। इस बीच विसर्जनस्थल पर तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं। न सिर्फ घाटों पर दूधिया प्रकाश की व्यवस्था होगी बल्कि सीसीटीवी कैमरों से भी पूरी विसर्जन प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी। एसडीएम पवन कुमार जायसवाल व अधिशासी अधिकारी जलालपुर ने बृहस्पतिवार को अलग-अलग घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
देवी प्रतिमाओं के विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तहसील क्षेत्र के नौ घाटों पर 12 अक्तूबर को 520 प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि जगरदेव मंदिर के निकट टोंस नदी घाट, कच्चा व पक्का घाट, सुरहुरपुर घाट, करमुल्लाहपुर तिघरा स्टेट घाट, सम्मनपुर घाट, नेमपुर घाट, नगपुर घाट व बंदीपुर घाट पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
ईओ ने बताया कि तहसील क्षेत्र में कुल 520 प्रतिमाएं स्थापित हैं। इसमें कोतवाली क्षेत्र जलालपुर में 130, जैतपुर में 83, मालीपुर में 90, कटका में 109, सम्मनपुर में 108 प्रतिमाएं पूजा पंडालों में स्थापित हैं। विसर्जन स्थल पर घाट पर बैरीकेडिंग की जाएगी। साथ ही रोशनी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक स्थल पर एक-एक क्रेन की व्यवस्था रहेगी। बृहस्पतिवार को अधिकारियों ने विसर्जनस्थल पर पहुंचकर निरीक्षण लिया। जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि समय रहते सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।