अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र की जर्जर हो चुकीं 50 सड़कों को फिर से बनाया जाएगा। इससे करीब 60 हजार की आबादी को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। इन सड़कों को बनाने पर 15वें वित्त, राज्यवित्त व स्टांप शुल्क निधि से नौ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। डीएम की संस्तुति मिलने के बाद नगर पालिका परिषद कार्य की टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा।
नगर पालिका क्षेत्र अकबरपुर के सभी 25 वार्ड की कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इन सड़कों पर लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मीरानपुर स्थित संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की तरफ जाने वाले मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने में मरीजों को काफी परेशानी होती है। यही हाल अन्य मार्गों का भी है।
इस दिनों चेयरमैन चंद्रप्रकाश वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित नवगठित नगर पालिका बोर्ड की बैठक में क्षतिग्रस्त सड़कों को नए सिरे से बनाने पर सहमति बनी। अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने बताया कि बैठक में नौ करोड़ की लागत से 50 क्षतिग्रस्त मार्गों को बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई थी। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।
इन मार्गों को किया जाएगा दुरुस्त
नेहरूनगर में राजा की कोठी से प्राथमिक विद्यालय, कुंड तिराहा से चौक, लोहिया मूर्ति से पंप नंबर दो शहजादपुर तक, संंघतिया बभनगवां मार्ग पर हाईवे तक, कृष्णानगर पहितीपुर रोड से डीएवी स्कूल, अहरिया जलालपुर मुख्य मार्ग से अनिल के घर तक, शहजादपुर से मठिया मंदिर होते हुए बजरंग हाउस तक, दोस्तपुर रोड से नई बस्ती तक, मीरानपुर रोड अस्पताल गली से शालीमार गेेस्ट हाउस तक, राबीबहाउद्दीनपुर में सरस्वती कॉलोनी से विजय राजभर के घर तक, लोरपुर बारादरी कुआं से रामलीला मैदान होते हुए रसूल अहमद के घर तक, रघुराजीपुरम में भगवानदीन के घर से विनायक होटल तक, सिझौली हाईवे के पास अंजलि ढाबा से मालिक बाबा की मजार तक, गांधीनगर इल्तिफातगंज रोड से राममिलन यादव के घर तक, शहजादपुर चौक से सब्जी मंडी होते हुए हनुमान मंदिर तक व मिर्जापुर कोडरा मार्ग सहित 50 मार्गों का नवीनीकरण होगा।
शुरू की गई टेंडर प्रक्रिया
अनुमोदन के बाद टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। इसके पूरा होते ही सड़कों का नवीनीकरण प्रारंभ कर दिया जाएगा।
-नागेंद्र कुमार सिंह, अवर अभियंता, नगर पालिका अकबरपुर