त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को कुशलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रथम चरण के मतदान को देखते हुए सात अक्तूबर से रामनगर, बसखारी व जहांगीरगंज ब्लॉक क्षेत्र में 48 घंटे के लिए शराब व भांग आदि की सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। जिला मजिस्ट्रेट विवेक ने सोमवार को जारी किए गए आदेश में कहा कि अपर निर्वाचन आयुक्त के निर्देशों के क्रम में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रथम चरण से जुड़े तीन विकासखंड क्षेत्रों में सात अक्तूबर की सायं पांच बजे से नौ अक्तूबर की सायं पांच बजे अथवा मतदान समाप्ति तक सभी देशी व विदेशी मदिरा, मॉडल शॉप, भांग, ताड़ी व स्प्रिट की दुकानों के साथ ही इनके गोदाम भी बंद रहेंगे। गौरतलब है कि इन तीनों ब्लॉक क्षेत्रों में जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नौ अक्तूबर को मतदान होगा। डीएम ने जिला आबकारी अधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन कराने को कहा है।