अंबेडकरनगर। जर्जर सड़कों पर आवागमन में हो रही दिक्कत से लोगों को जल्द छुटकारा मिलेगा। गड्ढामुक्त योजना के तहत जिले की 425 सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। सड़कों के कायाकल्प के लिए गत दिवस टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई। जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इससे लगभग 10 लाख आबादी को जाने-आने में सहूलियत मिलेगी।
इन सड़कों को बनाने पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सड़कों को गड्ढामुक्त करने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को सौंपी गई है। बारिश में जर्जर हो चुकीं जिले की अधिकांश सड़कों पर वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। इस समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्णय लिया गया है।
प्रदेश सरकार ने गड्ढामुक्त योजना के तहत जिले की 425 सड़कों को दुरुस्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अभियंताओं के अनुसार पांच करोड़ की लागत से सड़कों को गड्ढामुक्त करने की तैयार की गई है। करीब 550 किमी. लंबी सड़कों को बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
इनसेट
इन सड़कों को किया जाएगा गड्ढामुक्त
मया-टांडा मार्ग, पकड़ी भोजपुर-बसावनपुर बेलहरी शमशुद्दीनपुर मार्ग, बसखारी-हरसम्हार मेंदी घाट मार्ग, बसखारी-हंसवर जैनुद्दीनपुर मार्ग, महरुआ-मिझौड़ा यादवनगर मार्ग, टांडा-बरुआ जलाकी मार्ग, तिवारीपुर-मिझौड़ा मार्ग, अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग, जलालपुर-न्यौरी मार्ग, अकबरपुर-टांडा मार्ग, अकबरपुर-गौहनिया मार्ग, अकबरपुर-बसखारी मार्ग, बसखारी-जलालपुर मार्ग, पहितीपुर-महरुआ मार्ग, भीटी-महरुआ मार्ग, सुखारीगंज-मंशापुर मार्ग, बेवाना-ताराखुर्द मार्ग, आनंदनगर-सेमरी मार्ग, जलालपुर-मालीपुर मार्ग, मिझौड़ा मार्ग, न्यौरी-आलापुर मार्ग, भिखारीपुर-श्रवणक्षेत्र मार्ग, अकबरपुर-बनगांव मार्ग, अटिका-कसेरुआ मार्ग, टांडा-हंसवर मार्ग, हंसवर-इल्तिफातगंज मार्ग, अकबरपुर- इल्तिफातगंज मार्ग, सैदापुर-सिकरोहर मार्ग, सैदापुर-इटारौरा मार्ग, पट्टी-जलालपुर मार्ग, हजपुरा-कजपुरा मार्ग, लोरपुर मार्ग, शुकुलपट्टी-मंशापुर मार्ग के साथ अन्य प्रमुख सड़कें गड्ढामुक्त की जाएंगी।
शीघ्र शुरू कराया जाएगा निर्माण
सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए गत दिनों ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई। बाारिश समाप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
-सौरभ सिंह, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग