संवाद न्यूज एजेंसी
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। तहसील क्षेत्र आलापुर के रामअवध स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कसदहां शुक्लबाजार में शनिवार को 400 छात्र-छात्राओं को टैबलेट सौंपा गया। लंबे इंतजार के बाद हाथों में टैबलेट आते ही परास्नातक कक्षा के छात्र छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मुख्य अतिथि विधायक व प्रबंधक त्रिभुवनदत्त ने कहा कि यह समय तकनीक का है। ऐसे में छात्र छात्राओं को तकनीकी शिक्षा हासिल करने में पीछे नहीं रहना चाहिए। सभी को मोबाइल व कम्प्यूटर का ज्ञान रखना चाहिए। तकनीक के क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर भी हैं। ऐसे में युवाओं को इन टैबलेट का सुदपयोग करना चाहिए। छात्र छात्राएं भी टैबलेट मिलने से गदगद दिखे। छात्र छात्राओं ने सरकार के इस प्रयास की सराहना की। कहा कि टैबलेट की सौगात उन्हें अच्छी शिक्षा ग्रहण करने में काफी मदद करेगी।
इससे पहले मुख्य अतिथि का कॉलेज पहुंचने पर शिक्षकों ने स्वागत किया। अध्यक्षता महाविद्यालय निदेशक राहुल दत्त ने की। इस मौके पर प्राचार्या डॉ. रूपवती, डॉ. सुरेश विश्वकर्मा, डॉ. रितु मिश्र, डॉ. राहुल कुमार, डॉ. परमचंद्र यादव आदि मौजूद रहे।