अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचल क्षेत्र तक बिजली कटौती से उपभोक्ता हलकान रहे। शनिवार की रात महरुआ उपकेंद्र के पतौना व भीटी में रात 10 बजे फाल्ट के चलते गुल बिजली रात 12:30 बजे बहाल हुई। इस दौरान महरुआ, रामबाबा, बरामदपुर जरियारी, सिलावट, चक्रसेनपुर, आदमपुर तिंदौली, लोकनाथपुर, मथानी, नसीरपुर, सुखारीगंज, हीडी पकडिया, नरसिंहदास, लोकनाथपुर, हरिशचंद्रपुर, सेहरा जलालपुर, सेमरा आदि गांव की 50 हजार से अधिक आबादी उमस भरी गर्मी से हलकान रही। वीआईपी बिजली घर पुलिस लाइन के निकट रात 10 बजे केबल फाल्ट होने से गुल बिजली डेढ़ घंटे बाद 11:30 बजे सुचारू हुई। इसके चलते पुलिस लाइन, रगड़गंज समेत आधा दर्जन मोहल्लों के लोगों को परेशान होना पड़ा। अधिशाषी अभियंता आशीष यादव ने बताया कि फाल्ट को ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।