अंबेडकरनगर। परिवहन निगम की बस से यात्रा करने वाले के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही डिपो के बेड़े में 40 नई मिनी बसों की सौगात मिलने वाली है। इनके मिलने से डिपो में कुल 110 बसे हो जाएंगी। नई बसें अकबरपुर और टांडा डिपो से संचालित की जाएंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रियों की परेशानी दूर करने के लिए परिवहन निगम ने नए कदम उठाए हैं। निगम ने तय किया है कि अब कम यात्री वाले मार्गों पर मिनी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। 52 के स्थान पर 42 सीटर बसों का संचालन होगा। इसे लेकर पूर्व में डिपो से रिपोर्ट मांगी गई थी। अकबरपुर डिपो ने तीन सितंबर को 40 बसों की जो रिपोर्ट क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय को सौंपी हैं, उसमें 30 बसें टांडा व 10 बसों का संचालन अकबरपुर डिपो से किया जाएगा। सभी बसों के मार्ग निर्धारण की सूची भी कार्यालय को उपलब्ध कर दी गई है।
इस मार्गों पर चलेंगी बसें
टांडा डिपो से जौनपुर एक, टांडा से शाहगंज दो, बस्ती जलालपुर कटका के लिए दो, राजेसुल्तानपुर से लखनऊ के लिए दो, टांडा मया लखनऊ के लिए छह, कम्हरिया से लखनऊ चार, टांडा कम्हरिया गोरखपुर के लिए दो, टांडा से बस्ती-गोरखपुर दो, टांडा अकबरपुर से सुल्तानपुर तक दो, टांडा से वाराणसी के लिए दाे, टांडा हंसवर से आजमगढ़ के लिए दो, टांडा सेमरी से सुल्तानपुर के लिए दो व टांडा से भीटी के लिए एक बस का संचालन किया जागा। इसी प्रकार अकबरपुर डिपो से अकबरपुर से हंसवर के लिए एक,अकबरपुर से बडहलगंज के लिए एक, अकबरपुर से मऊ एक, अकबरपुर से नेमपुर घाट होते हुए प्रयागराज के लिए दो, अकबरपुर से अयोध्या एक,अकबरपुर जलालपुर लखनऊ दो व अकबरपुर नेमपुर घाट होते हुए बस्ती के लिए दो बस का संचालन किया जाएगा।
जल्द आएंगी बसें
रूट चार्ट सहित सभी आवश्यक जानकारी की पत्रावली क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय को भेज दी गई है। उम्मीद है कि कुंभ मेले से पहले बसें डिपो को उपलब्ध हो जाएंगी। -
सीवी राम, एआरएम अकबरपुर