अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को 23 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में कुल 975 विद्यार्थी पंजीकृत थे। 952 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। परीक्षा को बेहतर ढंग से निपटाने के लिए सचल दल लगातार केंद्रों का जायजा लेते रहे। एक भी नकलची नहीं मिला।
शुक्रवार को दूसरे दिन प्रथम पाली में इंटरमीडिएट के संगीत विषय की परीक्षा हुई। कुल 24 विद्यार्थी पंंजीकृत थे। 23 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। ऐसे में एक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहा। इस पाली में तीन केंद्रों पर परीक्षा हुई।
दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के कृषि विषय की परीक्षा 24 केंद्रों पर 928 छात्र-छात्राओं को देनी थी। 906 परीक्षार्थी ही केंद्र तक पहुंचे, 33 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से किनारा किया। इसी पाली में हाईस्कूल के संगीत गायन की परीक्षा हुई। इसमें सभी 23 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस बीच परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। सभी छह सचल दलों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया। डीआईओएस अवधकिशोर सिंह ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। बताया कि परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। बताया कि दूसरे दिन भी कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।