बरामद मोबाइल को उसके मालिक को सौंपते एसपी।
अंबेडकरनगर। सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस ने 35.55 लाख कीमत के 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल सोमवार को उनके मालिकों को सौंप दिए गए।
एसपी केशव कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि एक वर्ष पूर्व चोरी व गुम हुए मोबाइलों की लोकेशन मिलने पर उनके नंबर निकालकर सर्विलांस सेल ने एक-एक व्यक्ति से बात की। सर्विलांस प्रभारी एसआई प्रभाकांत तिवारी, मुख्य आरक्षी प्रदीप यादव, आरक्षी अंकुर, कुलदीप कुमार ने मोबाइल खरीदने का बहाना बनाकर जिन लोगों के पास मोबाइल था उनसे संपर्क किया। फिर मोबाइल चोरी होने की जानकारी दी तो संबंधित लोगों ने रास्ते में मोबाइल मिलने के बात कही। इसके बाद संबंधित लोगों ने मोबाइल पुलिस लाइन में जमा करा दिए थे। इनके सही मालिकों का पता लगाकर उनसे संपर्क किए गया। एसपी ने बताया कि जिन लोगों के मोबाइल चोरी हुए थे उन्हें वापस लौटाए जा रहे हैं। टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। आने वाले समय में और भी मोबाइल ढूंढकर लौटाए जाएंगे। हालांकि, 201 मोबाइल बरामद करने के बाद भी एक भी चोर न पकड़ा जाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।