महिला थाने में एक भी फरियादी नहीं पहुंचा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। जिले के सभी थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 191 फरियादियों ने संबंधित थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। 37 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
जलालपुर कोतवाली व बसखारी थाने में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता एसपी अजीत सिन्हा ने की। उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में आने वाली समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जो शिकायतें लंबित हैं उन्हें बेहतर ढंग से निपटाया जाए। शिकायतों का निस्तारण इस प्रकार की जाए जिससे कि वादी पूरी तरह से संतुष्ट हो। इस बीच जलालपुर में कुल 15 शिकायतें दर्ज हुईं। दो का मौके पर निस्तारण हुआ जबकि बसखारी थाने में 25 में एक शिकायत का निस्तारण हुआ।
जैतपुर व कटका थाने में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता एएसपी संजय राय ने की। उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद के मामलों को बेहतर ढंग से निपटाया जाए। इस बीच कटका में 10 शिकायतें आई लेकिन एक का भी निस्तारण नहीं हुआ जबकि जैतपुर में छह में एक शिकायत का निस्तारण हुआ।
इसी प्रकार सममनपुर में आठ में दो, टांडा में 10 में दो, अलीगंज में नौ में चार, इब्राहिमपुर में पांच में दो, हंसवर में सात में तीन, मालीपुर में सात में तीन, आलापुर में 10 में एक, जहांगीरगंज में आठ में एक, राजेसुल्तानपुर में 10 में दो, भीटी में 12 में दो, अहिरौली में 18 में छह, महरुआ में पांच में चार शिकायतों का निस्तारण हुआ। कोतवाली अकबरपुर व बेवाना में 13-13 मामले आए लेकिन एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हुआ। महिला थाने में एक भी फरियादी शिकायत लेकर नहीं पहुंचा।