अंबेडकरनगर। लोकसभा चुनाव को देखते हुए नौ नवंबर से प्रारंभ होने वाले मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय ने तैयारी शुरू कर दी है। पांच जनवरी को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले दावे व आपत्तियों का निस्तारण कराने के लिए सभी बीएलओ को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग के निर्देश पर नौ नवंबर से मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलेगा। जिला निर्वाचन कार्यालय ने इसे लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मतदाता पुनरीक्षण अभियान में कुल 1889 बीएलओ को लगाया जाएगा। वे बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम बढ़ाने, घटाने व संशोधन का काम करेंगे।
सात दिसंबर तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम बढ़वा सकेंगे। इसके अलावा नाम हटाने के साथ ही नाम में संशोधन भी कराया जा सकेगा। आठ दिसंबर से दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। इसके लिए जिले में विशेष अभियान भी चलेगा। 25 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। 26 दिसंबर से आपत्तियों व दावों का निस्तारण किया जाएगा। पांच जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
एडीएम अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार मतदाता पुनरीक्षण का काम निर्धारित समय पर कराया जाएगा। इस संबंध में सभी जिम्मेदारों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। शीघ्र ही इसे लेकर न सिर्फ जिम्मेदारों को बैठक कर विभिन्न प्रकार की जानकारी दी जाएगी बल्कि बीएलओ को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।