अंबेडकरनगर। जिले के 29 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें 1645 मरीजों का इलाज हुआ। 35 मरीजों की आंख की जांच की गई तो 91 लोगों का एंटीजन परीक्षण हुआ। कई अन्य प्रकार की भी निशुल्क जांच की गई।
मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए जिले के 29 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इनमें बुखार, गैस्ट्रो समेत कई अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज पहुंचे। मेले के नोडल अधिकारी डॉ. संजय वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर एलोपैथिक के 45, आयुष के 12 चिकित्सकों के साथ ही पैरामेडिकल के 58 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
उन्होंने बताया कि सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक मेले में कुल 1645 मरीजों का इलाज किया गया। इनमें 780 पुरुष जबकि 630 महिला व 235 बच्चे शामिल रहे। इलाज कराने वालों में उच्च रक्तचाप के 209, मधुमेह के 136, गैस्ट्रो के 165, सांस के 204, लीवर से पीड़ित 222 मरीज शामिल रहे। इसके अलावा तेज बुखार के 207 मरीजों का भी इलाज सुनिश्चित किया गया। बताया कि 35 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। इसके अलावा 91 लोगों की एंटीजन जांच हुई।