अंबेडकरनगर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लगी आग से बुधवार को 13 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इससे किसानों को करीब 4 लाख रुपये से अधिक की चपत लगी। तेज पछुआ हवाओं के चलने से कई क्षेत्रों से आग की घटनाएं सामने आईं।
थाना क्षेत्र जहांगीरगंज के जगदीशपुर में गेहूं के खेत में बुधवार को लगी आग से रमेश, सीताराम व रामसजीवन की करीब 5 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जब तक जानकारी होती आग पूरी फसल को चपेट में ले चुकी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग को नियंत्रित किया। इससे काफी देर तक गांव में भगदड़ की स्थिति रही। पीड़ितों को करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उधर बहिगवा जोगीपुर गांव में लगी आग से तीन किसानों की करीब चार बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
थाना क्षेत्र कटका के खानपुर हुसैनाबाद में अज्ञात कारणों से लगी आग में सूर्यपाल, चंद्रपाल, रामपाल, रामाश्रय, ओमप्रकाश व लीलावती का 10-10 बिस्वा, बलजीत की एक बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। तेज पछुआ हवाओं के चलते आग तेजी से आसपास के खेतों में लगी फसलों की तरफ बढ़ रही थी। थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्य व पुलिसकर्मियों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया गया। ट्रैक्टर से काफी देर तक फसलों की जुताई करने के बाद आग को फैलने से रोका जा सका। तब तक किसानों को सवा लाख से अधिक का नुकसान हो चुका था।