अंबेडकरनगर। जिले के पौने तीन लाख किसानों को नवरात्र में बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। किसान सम्मान निधि की 12वीं किस्त के लिए उनका इंतजार खत्म होने वाला है। अगले दो-तीन दिन में दो हजार रुपये प्रति लाभार्थी की दर से 55 करोड़ 11 लाख 76 हजार रुपये इनके बैंक खाते में पहुंच जाएंगे। उधर तमाम दिशा-निर्देशों के बावजूद ई-केवाईसी न कराने वाले एक लाख 13 हजार 804 लाभार्थी इस किस्त से वंचित रहेंगे।
इसी वर्ष मई में किसानों को सम्मान निधि की 11वीं किस्त मिली थी। इसके बाद से अगली किस्त का इंतजार बना हुआ है। इसी बीच यह खबर सामने आई है कि जल्द ही पात्र पाए गए किसानों के खाते में 12वीं किस्त पहुंच जाएगी। योजना की शुरुआत होने पर जिले के तीन लाख 89 हजार 392 किसान लाभान्वित हुए। बीते दिनों पता चला कि कुछ ऐसे भी लाभार्थी हैं जो अपात्र होने के बावजूद योजना का लाभ ले रहे हैं। इसे शासन ने गंभीरता से लिया।
सभी लाभार्थियों को ई-केवाईसी कराने का निर्देश दिया गया। इसके लिए न सिर्फ बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार किया गया बल्कि समय-समय पर ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि बढ़ाई जाती रही।
बीते दिनों यह सुनिश्चित किया गया कि जिन किसानों ने कई मौका देने के बाद भी ई-केवाईसी नहीं कराई, उन्हें 12वीं किस्त नहीं दी जाएगी। अगली किस्त के लिए दो लाख 75 हजार 588 किसानों ने तो ई-केवाईसी करा ली जबकि एक लाख 13 हजार 804 लाभार्थियों ने ध्यान नहीं दिया। अब ऐसे किसानों को 12वीं किस्त नहीं मिलेगी। जिन किसानों ने ई-केवाईसी करा ली है उनके खाते में सितंबर माह समाप्त होने से पहले किस्त की रकम पहुंच जाएगी।
जिले की अलग-अलग तहसीलों में कराए जा रहे सर्वे में 6,500 किसान ऐसे मिले हैं जो योजना का लाभ तो उठा रहे थे लेकिन भूमिहीन हैं। जाहिर तौर पर भी ऐसे अपात्र किसान अब चिह्नित होने के चलते आगे योजना का लाभ नहीं ले पाएंगे। सूत्रों के अनुसार 10,300 किसान मृतक भी हैं। ऐसे सभी अपात्र किसानों व मृतकों के नाम पर जुड़े खाते में रकम भेजे जाने पर रोक लग चुकी है।
नवरात्र पर्व पर पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 12वीं किस्त मिलने को लेकर लाभार्थी किसानों ने खुशी जताई है। जलालपुर तहसील क्षेत्र के कन्नूपुर निवासी अनिल कुमार ने कहा कि 12वीं किस्त ऐसे समय में मिलने वाली है जब पैसे की अत्यंत जरूरत है। दो बीघे में मिर्चे की खेती की तैयारी है। रकम मिलने से बीज व खाद लेने में सहूलियत होगी। अढनपुर निवासी रामअरज ने कहा कि किस्त की राशि से आलू की खेती करेंगे।
मदारभारी के राजेश सिंह ने कहा कि शुरुआती दौर में तो योजना का लाभ मिला लेकिन पिछली तीन किस्तें नहीं मिलीं। ई-केवाईसी कराई है। उम्मीद है कि 12वीं किस्त मिल जाएगी। कोतूपुर के विनीत कुमार ने बताया कि दूसरी के बाद से कोई किस्त नहीं आई। हालांकि ई-केवाईसी करा ली है। पूरी संभावना है कि 12वीं किस्त का लाभ मिलेगा। आदमपुर तिंदौली निवासी भगवती प्रसाद चतुर्वेदी ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि नवरात्र पर्व पर 12वीं किस्त मिलने वाली है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 12वीं किस्त की राशि शीघ्र ही ई-केवाईसी कराने वाले किसानों के खाते में पहुंच जाएगी। जिन्होंने ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
-पीयूष राय, प्रभारी उपकृषि निदेशक