अंबेडकरनगर। 15 जून को होने वाली बीएड् संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को तैयारी बैठक हुई। डीएम ने निर्देश दिया कि परीक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। 29 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 12 हजार 343 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए 58 पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 29 स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा की निगरानी करेंगे।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा आयोजित होने वाली परीक्षा जिले के 29 केेंद्रों पर दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, मोबाइल फोन व ब्लू टूथ आदि ले जाना वर्जित रहेगा। अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पहले ही केंद्रों पर पहुंचकर सभी तरह के प्रबंधों को देख लें।
परीक्षा नोडल प्रभारी प्राचार्या सुचिता पांडेय ने बताया कि परीक्षा को लेकर तैयारी तेजी से पूरी की जा रही है। बैठक में एसपी अजीत कुमार सिन्हा, सीडीओ अनुराज जैन, एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त, एएसपी संजय राय व सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा के साथ ही कई विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी व एसडीएम आदि मौजूद रहे।