जिला अस्पताल में सोमवार को ऑक्सीजन प्लांट का जायजा लेते जेडी स्वास्थ्य डॉ. आरएस केसरी। -संवाद
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले में सोमवार को डेंगू से पीड़ित 12 नए मरीज सामने आए। इससे जिले में डेंगू प्रभावितों की संख्या बढ़कर 202 हो गई है। डेंगू से जिले में अब तक तीन की मौत हो चुकी है। इस बीच सोमवार को संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य अयोध्या मंडल डॉ. आरएस केसरी ने जिले में पहुंचकर डेंगू की समीक्षा की। जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट व डेंगू वार्ड के निरीक्षण के साथ ही आधा दर्जन गांवों में जाकर साफ-सफाई का जायजा लिया। साथ ही जिम्मेदारों को दिशा-निर्देश भी दिए।
डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसमी बुखार के बीच तेजी से डेंगू पांव पसार रहा है। लगभग प्रतिदिन डेंगू के नए मरीज सामने आ रहे हैं। सोमवार को भी डेंगू से पीड़ित 12 नए मरीज सामने आए। ऐसे में जिले में डेंगू प्रभावितों की संख्या बढ़कर 202 हो गई है। वहीं, डॉ. सुल्तान ने बताया कि जिले में डेंगू से पीड़ितों की संख्या बढ़कर 202 हो गई है।
उधर सोमवार को संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य अयोध्या मंडल डॉ. आरएस केसरी ने जिला अस्पताल पहुंचकर ऑक्सीजन प्लांट व डेंगू वार्ड का जायजा लिया। जिम्मेदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि डेंगू पर अंकुश पाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रभावितों का बेहतर ढंग से इलाज सुनिश्चित कराएं।
इसके बाद उन्होंने टांडा तहसील क्षेत्र के भटौली, पेटिया, गोकुलापुर, खासपुर, बलया जगदीशपुर, साबुकपुर के अलावा मरथुआ सरैया व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तिवारीपुर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि साफ-सफाई पर बेहतर ध्यान रखा जाए। नियमित ढंग से एंटीलार्वा के छिड़काव के साथ ही फॉगिंग भी कराई जाए।