विकास भवन में समाज कल्याण विभाग कार्यालय में काम करते कर्मचारी -संवाद
अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत नवंबर माह में होने वाले कार्यक्रम में 1158 जोड़े एक-दूजे के होंगे। इसके लिए अब तक 782 आवेदन भी हो चुके हैं। जिला समाज कल्याण कार्यालय ने आवेदनों के सत्यापन का काम भी तेज कर दिया है। इसके साथ ही योजना का अधिक से अधिक पात्रों को लाभ दिलाने के लिए प्रचार-प्रसार भी तेज कर दिया है।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटियों के हाथ पीले करने के लिए संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का संचालन हो रहा है। योजना के तहत वधू के खाते में 35 हजार रुपये राशि भेजी जाती है जबकि 15 हजार रुपये के सामान उपहार के रूप में दिए जाते हैं। योजना के तहत इस बार जिले को 1158 जोड़ों का विवाह कराए जाने का लक्ष्य मिला है।
समाज कल्याण विभाग कार्यालय के अनुसार अब तक 782 आवेदन हो चुके हैं। इनके सत्यापन का भी काम प्रारंभ कर दिया गया है। शीघ्र ही सत्यापन का काम पूरा कर लिया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी विक्रम कौशल ने बताया कि योजना का अधिक से अधिक पात्रों को लाभ दिलाने के लिए ब्लाॅकस्तर पर वृहद पैमाने पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। कर्मचारी पात्रों के घर पहुंचकर उन्हें योजना के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
अपील करते हुए कहा कि यदि योजना के लाभ में किसी भी प्रकार की समस्या हो तो वह कार्यालय पहुंचकर भी संपर्क कर सकते हैं। उनकी समस्या का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। बताया कि कार्यक्रम के एक सप्ताह पहले तक योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।