हंडिया थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वह अमेरिकी सेना में इंजीनियर था। बाइक से अकेले वाराणसी बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने के लिए जा रहा था। उसके पास मिले पहचान पत्र से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
हंडिया थाना क्षेत्र के उपरदहां के पास बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक कार सवार चालक ने बाइक सवार अविनाश सिंह गौतम (35) को टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पु़लिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। एसआरएन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अविनाश सिंह गौतम फतेहपुर के हरिहरगंज का रहने वाला था।
अविनाश के पिता शिवकरन सिंह गौतम अरुणाचल प्रदेश में जिला उद्यान अधिकारी के पद से रिटायर हो चुके हैं और मां उषा गौतम सरकारी शिक्षक से वीआरएस ले चुकी हैं। अविनाश दो भाइयों में बड़ा था। चाची अपर्णा सिंह गौतम भाजपा जिला उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि अविनाश बुधवार सुबह घर से बाइक लेकर वाराणसी बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन के लिए निकला था। दोपहर के समय फोन के माध्यम से उन्हें घटना की जानकारी मिली।
2022 में अमेरिकी सेना में बतौर इंजीनियर हुई थी तैनाती
मां उषा ने बताया कि उनके दो बेटे थे। बड़ा बेटा अविनाश एमटेक की पढ़ाई करने के बाद 2022 में अमेरिकी सेना में इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में शामिल हो गया था। छोटा बेटा बीटेक की पढ़ाई करने के बाद सिविल सर्विस की तैयारी कर रहा है। अनिवाश की शादी करीब 10 साल पहले सुप्रिता मावे के साथ हुई थी। सुप्रिता यूएसए में एक कंपनी की डायरेक्टर हैं।
एक सप्ताह पहले ही आया था घर
चाची अपर्णा ने बताया कि अविनाश करीब एक सप्ताह पहले ही अपनी पत्नी के साथ घर पर आया था। छह दिन तक दोनों घर पर रहे। उसके बाद मंगलवार को उसकी पत्नी अमेरिका चली गई। अविनाश कुछ दिनों बाद अमेरिका जाने वाला था। उधर, सूचना मिलने के बाद शाम तक माता-पिता समेत परिवार के अन्य लोग एसआरएन अस्पताल पहुंच आए।